गोला थाना क्षेत्र के ग्राम दामोदरा बैकुंठपुर में मंगलवार सुबह एक 15 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव किसान इंटर कॉलेज भूपगढ़ की छत पर रेलिंग में बने कुंडे से लटका मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, बेसहनी निवासी कृष्ण मुरारी यादव का पुत्र पवन यादव अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह गेहूं कटाई के लिए मजदूर तलाशने घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की।
मंगलवार सुबह खोजबीन के दौरान घर के पास स्थित कॉलेज की छत पर उसका शव अंगोछे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने शव को नीचे उतारकर घर लाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी राकेश कुमार रोशन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

