महराजगंज। कार्तिक पूर्णिमा के दिन जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ठूठीबारी थाना क्षेत्र के ग्रामसभा भगवानपुर के पास श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। इस हादसे में दर्जनों लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक का नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे नहर में जा गिरा। पिकअप में करीब 30 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, निचलौल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग खुटहा बाजार क्षेत्र के रहने वाले हैं और मुंडन संस्कार के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर नेपाल स्थित त्रिवेणी घाट स्नान के लिए जा रहे थे। रास्ते में भगवानपुर के पास यह दुर्घटना हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

