परतावल/महराजगंज। क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत से उपभोक्ता गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। स्थिति यह है कि उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने के बाद भी कई दिनों तक डिलीवरी नहीं हो पा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार, गैस बुक कराने के 7 से 10 दिन बाद भी सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहा है। एजेंसी पर संपर्क करने पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है और उपभोक्ताओं को केवल आश्वासन देकर वापस भेज दिया जा रहा है। कई लोगों ने बताया कि एजेंसी के फोन नंबर पर कॉल करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलता।गैस की इस किल्लत के कारण कई परिवारों के सामने भोजन बनाने का संकट खड़ा हो गया है। लोग मजबूरी में लकड़ी और पारंपरिक चूल्हों का सहारा लेने को विवश हैं, जिससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है बल्कि धुएं के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो रही हैं।कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आशंका जताई है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है, जिसके चलते आम लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही गैस आपूर्ति को सामान्य नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखी जाए तथा सुनिश्चित किया जाए कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके।

