महराजगंज। जनपद के बरगदवा थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। बरगदवा थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी राकेश कुमार अग्रहरी ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में राकेश अग्रहरी ने आरोप लगाया है कि हल्का दरोगा अवधेश यादव ने उनके विरुद्ध दर्ज एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के एवज में 25 हजार रुपये की मांग की। उनका कहना है कि रुपये न देने पर उन्हें गंभीर धाराओं में जेल भेजने की धमकी दी गई, साथ ही उनके द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में भी प्रतिकूल कार्रवाई करने की बात कही गई।
राकेश अग्रहरी के अनुसार, भयवश उन्होंने 19 मार्च 2026 को अपनी दुकान के सामने दरोगा को 16,100 रुपये दिए। उनका दावा है कि यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में आवाज सहित रिकॉर्ड हो गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शेष रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है और दुकान के सामने स्थित पुलिस पिकेट पर भी पैसों की मांग की जा रही है।
इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से रुपये के लेन-देन का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
(रिपोर्ट: हिंद अभिमान टाइम्स)

