Sat. Nov 15th, 2025

पूर्व ब्लॉक प्रमुख ईश्वर चंद्र जायसवाल पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, होटल में हुई घटना; पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की

गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के एक होटल में वाराणसी निवासी महिला से दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोप में सरदारनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं जे.बी. महाजन महिला डिग्री कॉलेज के प्रबंधक ईश्वर चंद्र जायसवाल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने पिस्टल दिखाकर कमरे में अश्लील हरकत करने की कोशिश की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, वह डीएलएड परीक्षा देने के लिए 27 से 29 अक्टूबर तक गोरखपुर आई थी और अपने देवर-देवरानी के साथ कैंट इलाके के एक होटल में ठहरी थी। आरोप है कि 28 अक्टूबर की शाम को जब परिजन टहलने बाहर गए, तभी आरोपी होटल पहुंचा और महिला के कमरे में घुस गया। महिला ने बताया कि आरोपी रिश्ते में उसकी नातिन लगता है।

शिकायत के मुताबिक, पूर्व प्रमुख ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अश्लील बातें करने लगा। विरोध करने पर उसने पिस्टल दिखाकर डराया और दुष्कर्म का प्रयास किया। किसी तरह महिला ने परिजनों को संदेश भेजा, लेकिन आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

घटना से भयभीत पीड़िता और उसके परिजन रात में ही होटल छोड़कर किसी अन्य स्थान पर चले गए। अगले दिन वाराणसी लौटने के बाद उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। महिला का कहना है कि आरोपी ने पहले पढ़ाई और नौकरी में मदद का झांसा देकर संपर्क बनाया था, बाद में उसने यह शर्मनाक हरकत की।

वहीं, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ईश्वर चंद्र जायसवाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को साजिश बताया। उन्होंने कहा, “मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। यह पारिवारिक विवाद के चलते रची गई साजिश है। पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।”

इस संबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि, “मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *