महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग NH-730 पर स्थित तरकुलवा तिवारी के पास गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। लगभग तीन बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल और साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई और वह कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।मृतकों की पहचान भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर बड़ा टोला निवासी भोला (38), पुत्र राम विलास तथा श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के छातीराम निवासी सूर्यभान (62), पुत्र अयोध्या के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में भोला की पत्नी सुमन (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (UP 53 DZ 9708) ने पहले मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर साइकिल सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण और राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

