महराजगंज। जिले के भिटौली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धर्मपुर नहर पुल के पास श्रद्धालुओं से भरी एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सदर कोतवाली क्षेत्र के सतभारिया गांव निवासी लोग बाबा धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान धर्मपुर नहर पुल के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि गाड़ी में सवार कई लोग अंदर ही फंस गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में संतोष कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामदयाल वर्मा, निर्मल वर्मा, सुमन वर्मा, जितेंद्र वर्मा, गुड़िया वर्मा, गौरव कुमार वर्मा, आराध्या वर्मा, कृष्ण वर्मा और जीतू वर्मा घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

