Mon. Mar 23rd, 2026

फर्जी आईएएस बनकर शादी करने वाला आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना

गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र की एक युवती से खुद को आईएएस अधिकारी बताकर शादी करने वाले आरोपी प्रीतम निषाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को गोरखपुर पुलिस की एक टीम इटावा के लिए रवाना हुई, जहां आरोपी के छिपे होने की आशंका है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रीतम कुमार निषाद इटावा जनपद के इकदिल थाना क्षेत्र के लुधियात मोहल्ले का निवासी है। इस मामले में उसकी बहन, जीजा और परिवार के अन्य सदस्यों को भी आरोपी बनाया गया है। इटावा पुलिस भी स्थानीय स्तर पर उसकी तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि खुद को माणिकपुर का एसडीएम बताने वाला प्रीतम वास्तव में बेहद साधारण पृष्ठभूमि से है। उसके घर की स्थिति भी सामान्य है, लेकिन उसने खुद को उच्च अधिकारी बताकर लोगों को भ्रमित किया। घटना के बाद से ही वह अपने घर से फरार बताया जा रहा है।

कैंट पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और अन्य संभावित खुलासे भी हो सकते हैं।

घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। युवती के पिता ने बताया कि शादी में 20 से 30 बाराती शामिल हुए थे। इटावा से दो कारों में करीब 10 लोग आए थे, जिनमें आरोपी के परिजन भी शामिल थे। आरोपी ने शादी को भव्य दिखाने के लिए कई प्रभावशाली लोगों को भी आमंत्रित किया था।

परिजनों के अनुसार, कुछ स्थानीय नेताओं को भी शादी का निमंत्रण दिया गया था, जो उसे आईएएस अधिकारी समझकर कार्यक्रम में पहुंचे थे। हालांकि, कुछ लोगों को उसके व्यवहार पर संदेह भी हुआ था और उन्होंने परिवार को सतर्क रहने की सलाह दी थी।

शादी के दौरान आरोपी ने पूरी तैयारी के साथ दूल्हे की भूमिका निभाई। वह शेरवानी पहनकर बारात में शामिल हुआ और कार्यक्रम के दौरान कई बार कपड़े बदलकर खुद को प्रभावशाली दिखाने की कोशिश की।

पीड़िता के पिता, जो बीमार और असहाय स्थिति में हैं, ने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई शादियां कर चुका है और लोगों को ठगने का काम करता रहा है। उनका कहना है कि आरोपी ने न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाया, बल्कि उनकी बेटी का जीवन भी प्रभावित किया है।

परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में वह किसी और को इस तरह धोखा न दे सके।

(रिपोर्ट: हिंद अभिमान टाइम्स)

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *