गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के बेतियाहाता स्थित जिला कार्यालय में शनिवार को पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव रामनाथ यादव एवं महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दो मिनट मौन रखकर की गई। इस दौरान नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके राजनीतिक योगदान, संघर्ष और विचारधारा पर चर्चा की। सभी ने उन्हें सादगी, संघर्ष और ज़मीनी नेतृत्व का प्रतीक बताया।
जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने पूरे जीवन गरीबों, किसानों व वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। वे सामाजिक न्याय को राजनीति का मूल मानते थे और अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का प्रयास उनकी प्राथमिकता रही।
पूर्व सभापति विधान परिषद गणेश शंकर पाण्डेय ने कहा कि नेताजी राजनीति को सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम मानते थे। वे जनभावनाओं को समझने वाले व्यवहारिक नेता थे और उनकी कार्यशैली ने प्रदेश की राजनीति को नई दिशा प्रदान की।
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मोहसिन खान और अवधेश यादव ने कहा कि नेताजी की दूरदर्शिता और संगठन निर्माण की क्षमता अद्वितीय थी। वे हमेशा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते थे और समाजवादी मूल्यों को व्यवहार में उतारने पर जोर देते थे।
पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी और महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी ने कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति में जो शून्य उत्पन्न हुआ है, उसकी भरपाई संभव नहीं। समाजवादी कार्यकर्ता उनके विचारों, अनुशासन व संघर्ष की भावना को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित हैं।

