परसामलिक/महराजगंज। प्रेमी से शादी करने की जिद किस हद तक पहुंच सकती है, इसका नजारा बुधवार को परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम जिगिना में देखने को मिला। प्रेमी से विवाह कराने की मांग को लेकर 19 वर्षीय युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख गांव में हड़कंप मच गया।
मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और घंटों तक चले समझाने-बुझाने के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।जानकारी के अनुसार, गंगवलिया निवासी शंभू की 19 वर्षीय पुत्री सुशीला का विशुनपुर टोला श्रीरामपुर निवासी रामप्रसाद से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी। इसी मांग को लेकर वह जिगिना गांव में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना पीआरवी 9805 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवती को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाते रहे।काफी मशक्कत के बाद युवती टावर से नीचे तो उतर आई, लेकिन उसकी शादी कराने की जिद खत्म नहीं हुई। आरोप है कि इस दौरान उसने अपने माता-पिता के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में पुलिस ने समझा-बुझाकर युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
महराजगंज में बढ़ती ऐसी घटनाएं बनीं चर्चा का विषय :- महराजगंज जिले में प्रेम विवाह और मनचाहे रिश्ते को लेकर सामने आ रही ऐसी घटनाएं सामाजिक चर्चा का विषय बन रही हैं। कहीं परिवार की असहमति तो कहीं प्रेम संबंधों को लेकर विवाद सामने आ रहे हैं। हालांकि ऐसी घटनाओं की वास्तविक संख्या और बढ़ते मामलों को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं है, लेकिन मोबाइल टावर पर चढ़ने जैसी घटनाएं परिवार और प्रशासन दोनों के लिए गंभीर चुनौती हैं। सवाल यह भी है कि आखिर आपसी बातचीत और समझदारी से सुलझने वाले मामले जान जोखिम में डालने तक क्यों पहुंच रहे हैं?
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा:- थानाध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार की तहरीर पर युवती के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 226, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

