महराजगंज/परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परतावल–गोरखपुर मार्ग पर अमवा चौराहे के पास हुई सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्राम पिपरिया निवासी सुनीत कुमार शर्मा (45), पुत्र बांके शर्मा, 14 दिसंबर को रविवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।हादसे के बाद परिजन उन्हें तत्काल गोरखपुर के रचित अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। बुधवार सुबह लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।सूचना मिलने पर श्यामदेउरवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने घटना की पुष्टि की है।बताया जाता है कि सुनीत कुमार शर्मा इलाके में एक सरल, सामाजिक और मददगार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। वे निजी क्लिनिक चलाते थे और गरीब व जरूरतमंद लोगों की सेवा में हमेशा आगे रहते थे। उनके निधन से गांव समेत पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
परतावल–गोरखपुर मार्ग पर हादसा, घायल व्यक्ति की लखनऊ में मौत

