लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस समय कड़ाके की सर्दी और भीषण कोहरे का प्रकोप जारी है। शुक्रवार को प्रदेश का अधिकांश हिस्सा घने कोहरे की चपेट में रहा। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए यूपी के 50 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तराई और पूर्वी यूपी समेत करीब 40 जिलों में अत्यधिक शीतदिवस की चेतावनी भी दी गई है। इन जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इसके प्रभाव से दिन के तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही कोहरे की तीव्रता में भी कुछ कमी आने की संभावना है।
शुक्रवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर सहित दिल्ली और उत्तराखंड से सटे जिलों में घना कोहरा छाया रहा और सर्द पछुआ हवाएं चलीं। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। घने कोहरे के कारण आगरा, बरेली, कुशीनगर और गोरखपुर में सुबह के समय दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। बहराइच में दृश्यता 20 मीटर, जबकि अलीगढ़ और फर्रुखाबाद में 30 मीटर तक दर्ज की गई।
इन जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत।
इन जिलों में शीतदिवस और तापमान में बड़ी गिरावट की चेतावनी
प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

