महराजगंज। जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परतावल मुख्य चौराहे पर शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेला और डम्पर की आमने-सामने टक्कर में दोनों वाहन पलट गए, जिसमें ट्रेला चालक की मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर का ट्रेला (HR 63 C 0052) कप्तानगंज की ओर से आ रहा था, जबकि डम्पर (UP 79 AT 5990) गोरखपुर की दिशा से आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेला तेज गति में था और पनियरा की ओर मुड़ने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रहे डम्पर से बचने के प्रयास में चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, जिससे दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए। हादसे के समय ट्रेला में रिफाइंड तेल लदा हुआ था, जबकि डम्पर खाली बताया जा रहा है। दुर्घटना की चपेट में चौराहे पर स्थित एक जूस कॉर्नर भी आ गया, जिससे दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल ट्रेला चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, डम्पर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस संबंध में चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

