पनियरा ब्लॉक में 2.01 करोड़ के भुगतान पर उठे सवाल, नौ पंचायत सचिवों को नोटिस

महराजगंज। पनियरा ब्लॉक में 15वें और पंचम वित्त आयोग की धनराशि के खर्च में कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि नौ ग्राम पंचायत सचिवों ने शासन के दिशा-निर्देशों की अनदेखी करते हुए बिना भौतिक सत्यापन के करीब 2 करोड़ 1 लाख 32 हजार 446 रुपये का भुगतान कर दिया। मामला उजागर होने के बाद सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने सभी नौ सचिवों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर संबंधित कार्यों के अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।यह मामला उस समय चर्चा में आया, जब इसी ब्लॉक के एक ग्राम विकास अधिकारी को 70 लाख 40 हजार रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता के आरोप में जिला पंचायत राज अधिकारी ने निलंबित कर दिया था। साथ ही मामले की जांच भी शुरू करा दी गई थी। इसके बाद अब नौ अन्य सचिवों के भुगतान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।एडीओ पंचायत की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, सचिव ऋषिराज पटेल पर 20 लाख 97 हजार 964 रुपये, मनोज गुप्ता पर 20 लाख 19 हजार 510 रुपये, रामनयन पर 41 लाख 86 हजार 716 रुपये, सुनील कुमार गौड़ पर 10 लाख 24 हजार 290 रुपये और संजय गौड़ पर 26 लाख 80 हजार 936 रुपये की धनराशि के भुगतान में अनियमितता का आरोप है।इसी तरह विवेक कुमार पर 9 लाख 84 हजार 584 रुपये, बाल मुकुंद पांडेय पर 22 लाख 87 हजार 953 रुपये, सूर्य प्रकाश रंजन पर 34 लाख 97 हजार 748 रुपये और हिरालाल चौधरी पर 13 लाख 52 हजार 155 रुपये की धनराशि विभिन्न ग्राम पंचायतों से आहरित करने को लेकर सवाल उठाए गए हैं।सहायक विकास अधिकारी पंचायत राधेश्याम सिंह ने बताया कि इस संबंध में सभी सचिवों को पहले भी नोटिस जारी किया गया था, लेकिन किसी ने अपना पक्ष या संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया। अब दोबारा पत्र जारी कर तीन दिन के भीतर संबंधित कार्यों के सभी अभिलेख जमा करने का निर्देश दिया गया है।मामले के सामने आने के बाद पनियरा ब्लॉक में पंचायत निधि के खर्च और सरकारी धन के उपयोग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, संबंधित सचिवों का पक्ष और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही अनियमितता की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *