मूर्ति विसर्जन में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड से पीटा - Hind Abhiman Times, Newspaper

मूर्ति विसर्जन में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड से पीटा

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक व्यक्ति को घेरकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में एक युवक लोहे की रॉड से हमला करता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी और चर्चाओं का माहौल है।पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, राजौंड़ा खुर्द निवासी राजू यादव पुत्र राम केवल ने बताया कि नौ नवंबर 2026 को उनका भतीजा इंद्रेश पुत्र अशोक घटही मां के स्थान पर आयोजित मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान नगर पंचायत पनियरा के टोला धुंगरहवा से भी मूर्ति विसर्जन के लिए लोग पहुंचे थे।आरोप है कि इसी दौरान नगर पंचायत पनियरा निवासी शनि गुप्ता अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा।

पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने इंद्रेश को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों में से एक ने लोहे की रॉड से इंद्रेश पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।बताया गया कि मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह इंद्रेश को हमलावरों के चंगुल से बचाया। घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा। वायरल वीडियो में युवक को घेरकर पीटने और लोहे की रॉड से हमला करने का दृश्य दिखाई दे रहा है।वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। सोशल मीडिया पर लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है। पहचान और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *