परतावल। परतावल विकास खंड अन्तर्गत एन एच 730 स्थित रुद्रापुर में प्रस्तावित जेनिथ इंटरनेशनल स्कूल की बुधवार को वैदिक मंत्रों एवं महिलाओं द्वारा गाए गए सामूहिक मंगल गीतों के साथ भूमिपूजन किया गया और आधारशिला रखी गई।
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड नई दिल्ली द्वारा मान्यता प्राप्त इस संस्था में प्रथम सत्र में प्ले वे से नौवीं तक की कक्षाओं का संचालन शुरू होगा जिसे आने वाले वर्षों में क्रमागत ढंग से 10+2 बारहवीं तक की व्यवस्थित शिक्षा दी जाएगी। भूमिपूजन के मौके पर संस्था के चेयरमैन पं राजेन्द्र दुबे उर्फ टापर बाबा ने उपस्थित लोगों को बताया कि शिक्षा के क्षेत्र विशेषकर अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा के क्षेत्र में अत्यधिक पिछड़े इस क्षेत्र में यह विद्यालय मील का पत्थर साबित होगा जहां सुयोग्य, प्रशिक्षित एवं अनुभवी शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा प्रभावी शिक्षा दिया जाएगा।
केन्द्रीय सशस्त्र सीमा बल मे हवलदार के पद पर रहते हुए लगभग पन्द्रह वर्षों की राष्ट्र सेवा देकर स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके विद्यालय के प्रबंधक जितेंद्र मिश्र ने कहा कि देश सेवा के बाद विद्यालय की स्थापना कर अब समाजसेवा करना हमारा मुल सपना है। जिसके माध्यम से इस पिछड़े इलाके के होनहार बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करा उनका सर्वांगीण विकास करना है।इस अवसर पर संस्था के संरक्षक राजेश त्रिपाठी, कार्यालय अधीक्षक रमेश चंद पटेल,कोआर्डिनेटर जगदीश पांडे, मिडिया प्रभारी केडी दुबे, कृष्ण मोहन जायसवाल, अरुण जायसवाल,राजू मिश्र,गंगेश वर्मा एवं एडवोकेट अखिलेश पांडे , विवेक पांडेय,शुभम पांडे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

