परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर दो बल्लभ नगर स्थित तिवारी टोला में दुर्गा मंदिर परिसर के सामने बुधवार को बल्लभ नगर प्रीमियर सर्किल लीग ‘SNT कप 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन भाजपा युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने किया। प्रतियोगिता के आगाज के साथ ही क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य संयोजक सतीश मिश्रा ने माल्यार्पण कर अतिथि का स्वागत किया, जबकि अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने बैज लगाकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद आयोजन समिति की ओर से संयुक्त रूप से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला किशन इलेवन और कप्तानगंज की टीम के बीच खेला गया। किशन इलेवन ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया और कप्तानगंज को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
निर्धारित छह ओवरों के मुकाबले में कप्तानगंज के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के ओपनर कैफ ने 21 रन और बीरू ने 10 रनों की उपयोगी पारी खेली। वहीं गेंदबाजी में सूरज ने चार विकेट चटकाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शानदार बल्लेबाजी के लिए कैफ को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरी ओर किशन इलेवन के धीरज ने भी अपने बेहतरीन प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। इस अवसर पर मुख्य संयोजक सतीश मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। टूर्नामेंट की विजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद, गोल्डन ट्रॉफी और किट, जबकि उपविजेता टीम को 10 हजार रुपये नकद, ट्रॉफी और किट प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा सेमीफाइनल में पराजित होने वाली दोनों टीमों को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में मनोनीत सभासद तेज प्रताप मोदनवाल, डॉ. शुभम मिश्रा, अजय कुमार सैनी, जगरनाथ यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति में मुख्य संयोजक सतीश मिश्रा, अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, उपाध्यक्ष मोनू खान, महामंत्री निजामुद्दीन, कोषाध्यक्ष अजीत रावत, व्यवस्थापक अशोक रावत, दुष्यन्त पाण्डेय, महेन्द्र सैनी, शाहरुख खान और विजय यादव सहित अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।

