परतावल/महराजगंज
आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंगलवार को नगर पंचायत परतावल में देशभक्ति का अभूतपूर्व नज़ारा देखने को मिला। चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया की अध्यक्षता में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें देश के प्रति प्रेम और एकता का अद्भुत संगम नजर आया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत कार्यालय से हुआ। सैकड़ों लोगों के हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति गीतों की गूंज ने पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। यात्रा नगर पंचायत कार्यालय से रवाना होकर परतावल चौराहे, प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः नगर पंचायत कार्यालय पर समाप्त हुई। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के गगनभेदी नारे लगते रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए परतावल चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहे। आयोजन में ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, पनियरा विधानसभा क्षेत्र 319 के युवा नेता प्रेमशंकर सिंह उर्फ निर्भय सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कृष्ण त्रिपाठी, काशीनाथ सिंह, राज नारायण, अशोक यादव, भाजपा परतावल मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल, अजय गौतम समेत अनेक गणमान्य व्यक्तित्व मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा में नगर पंचायत के सभासद, ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी, व्यापारी, और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। जगह-जगह यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। लोगों ने हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति का जज़्बा लिए एक स्वर में देश की अखंडता और एकता का संदेश दिया।
चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने कहा कि तिरंगा हमारे सम्मान, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसके मान-सम्मान की रक्षा करे। इस भव्य तिरंगा यात्रा ने नगरवासियों में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार कर दिया।