छपरा/मुंबई। भोजपुरी सुपरस्टार और आरजेडी उम्मीदवार खेसारी लाल यादव के लिए चुनावी मैदान के बीच नई परेशानी खड़ी हो गई है। ठाणे जिले के मीरा भायंदर नगर निगम ने उनके मीरा रोड स्थित बंगले में अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 3 नवंबर को जारी किया गया, जबकि खेसारी इस समय बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के प्रचार में व्यस्त हैं।
नगर निगम के मुताबिक, खेसारी लाल यादव उर्फ शत्रुघ्न कुमार यादव के बंगले में निर्माण कार्य नियमों के अनुरूप नहीं किया गया है। निगम ने उन्हें अवैध हिस्से को स्वयं हटाने का निर्देश दिया है। ऐसा न करने पर निगम खुद कार्रवाई कर निर्माण को ध्वस्त करेगा और उसका खर्च भी अभिनेता से वसूलेगा।
इस बीच सवाल उठ रहा है कि क्या खेसारी लाल यादव चुनावी व्यस्तता के बीच मुंबई लौटेंगे या टीम को जिम्मेदारी सौंपेंगे।
छपरा सीट पर कड़ी टक्कर
बिहार की चर्चित छपरा सीट पर खेसारी लाल यादव आरजेडी के उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला बीजेपी की प्रत्याशी छोटी कुमारी से है। यह सीट पारंपरिक रूप से भाजपा का गढ़ मानी जाती है। छोटे पर्दे और फिल्मों में बड़ी पहचान बना चुके खेसारी लाल यादव अपनी लोकप्रियता के दम पर चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर दोनों दलों के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है।

