शाहरुख खान और सलमान खान जब भी साथ नजर आते हैं, उनकी दोस्ती और ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री हमेशा चर्चा में रहती है। इसी बीच सोशल मीडिया पर दोनों का एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे दिल्ली में आयोजित एक निजी शादी समारोह में मंच पर साथ डांस करते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में शाहरुख खान अपनी फिल्म ‘बादशाह’ के टाइटल ट्रैक बादशाह ओ बादशाह पर स्टेज पर एंट्री लेते हुए दिखते हैं। एक अन्य वीडियो में वे सलमान खान के साथ उनके मशहूर गानों पर डांस स्टेप्स मैच करते नजर आते हैं।
दोनों स्टार्स ने सलमान की 1998 में रिलीज फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ के लोकप्रिय गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर साथ परफॉर्म किया। इसी दौरान स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन और बैकग्राउंड डांसर्स भी मौजूद रहे। दोनों सुपरस्टार्स को साथ थिरकता देखकर वहां मौजूद लोग उत्साह में चीयर करने लगते हैं। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और फैंस खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, “अच्छा लगा कि शाहरुख को सलमान के गानों के स्टेप्स याद हैं।” एक अन्य ने टिप्पणी की, “शाहरुख की एनर्जी कमाल है और वे सलमान के डांस स्टेप्स भी बखूबी करते हैं।” वहीं एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “अब करण अर्जुन 2 बननी ही चाहिए।”

