Tue. Apr 7th, 2026

कप्तानगंज में देर रात फायरिंग से दहशत, दो जगह 10 मिनट में चली गोलियां

कुशीनगर। जिले के कप्तानगंज नगर में सोमवार देर रात लगातार हुई फायरिंग की दो घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई। कस्बा चौकी से करीब एक किलोमीटर के दायरे में महज 10 मिनट के अंतराल पर दो अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया गया।

पहली घटना वार्ड नंबर-3 स्थित संत जेवियर्स स्कूल के पास निर्दल सभासद मोहम्मद आरिफ के घर पर रात करीब 11:10 बजे हुई। तीन अज्ञात बदमाश बाइक से पहुंचे और उनके घर पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली मुख्य गेट में जा लगी, जबकि मौके से तीन खोखा कारतूस बरामद हुए। घटना के समय आरिफ घर पर मौजूद नहीं थे।

आरिफ के अनुसार, पड़ोसियों ने बताया कि हमलावर पहले घर के पास रुके, कुछ देर तक रेकी की और फिर फायरिंग कर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि उनका किसी से कोई विवाद या आपराधिक इतिहास नहीं है और वे अक्सर जनहित के मुद्दों को उठाते रहते हैं। पड़ोसी जाकिर हुसैन ने बताया कि रात करीब 11 बजे तीन युवक पल्सर बाइक से आए थे, जिनमें से एक ने अंगोछा बांध रखा था। कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज आई और तीनों मौके से भाग निकले।

पहली घटना के करीब 10 मिनट बाद किसान चौक के पास समाजसेवी विक्की मद्देशिया के कमरे पर भी फायरिंग की गई। यहां दो राउंड गोली चलाई गई, जिसमें एक दीवार में जा लगी। मौके से दो खोखा कारतूस मिले हैं। विक्की ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे। उनकी मां और बहन ने फोन कर उन्हें जानकारी दी। उनके पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो चुके थे।

पुलिस जांच में जुटी

दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *