कुशीनगर। खड्डा नगर पंचायत के आज़ाद नगर वार्ड नंबर 4 में 48 वर्षीय तैयब अंसारी की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों पर हत्या की धारा 302 जोड़ी जाए और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
18 नवंबर की शाम हुई थी घटना
घटना उस समय हुई जब तैयब अंसारी अपने चाचा के लड़के अजहर के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। सौराहना चौराहा के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार कुछ लोगों ने अचानक ट्रॉली में लगी भण्डी खींचकर तैयब पर वार कर दिया। परिजनों का कहना है कि हमला बिना किसी पूर्व विवाद या कारण के किया गया।
हमले के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल तैयब को पहले सीएचसी तुर्कहा, फिर जिला अस्पताल और तत्पश्चात बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। तीन दिनों तक इलाज के बाद 21 नवंबर शाम करीब 5 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
मृतक के पिता शौकत अंसारी ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने पहले इसे जानलेवा हमले की धारा में दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में एक आरोपी धीरज गुप्ता (20), निवासी सौराहना, की पहचान हुई, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
खड्डा एसएचओ गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
परिवार में पसरा मातम
तैयब अंसारी अपने पिता के तीन बेटों में सबसे बड़े थे। परिवार में पत्नी सलीमुन खातून, दो बेटे अरबाज (24), अब्बास (19) और बेटी अंजुम (22) हैं। उनकी माँ नेयाजुन नेशा, भाई नूर आलम और पूरा परिवार सदमे में है।
‘सभी गिरफ्तारी तक नहीं करेंगे अंतिम संस्कार’
परिजनों ने कहा कि जब तक सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होते और एफआईआर में धारा 302 जोड़ी नहीं जाती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से न्याय सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है।

