Wed. Mar 18th, 2026

रास्ते के विवाद में युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात

महराजगंज। महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र स्थित भैसा गांव में रविवार देर शाम रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने प्रतिद्वंदी पक्ष के युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर चोट लगने के बाद युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एएसपी तीन थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

छह महीने से चल रहा था रास्ते का विवाद

जानकारी के मुताबिक, मृतक विनोद तिवारी और दूसरे पक्ष के बैजनाथ वर्मा के बीच करीब छह महीने से पांच फीट चौड़े रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में दोनों तरफ से कई बार थाने में तहरीरें दी गई थीं। दोनों पक्षों के ख़िलाफ़ अब तक चार बार 151 की कार्रवाई भी हो चुकी है। दो दिन पहले थाने पर पंचायत भी बुलाई गई थी, जबकि रास्ते का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। घरों के बीच संकरे रास्ते को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

नोकझोंक से शुरू हुआ विवाद पहुंचा हत्या तक

रविवार शाम भी इसी मसले को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष द्वारा कुल्हाड़ी से वार कर विनोद तिवारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मृत्यु हो चुकी थी।

घटना के बाद गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कोई तहरीर नहीं मिली, कई लोग हिरासत में – एसपी

एसपी सोमेंद्र मीना ने बताया कि घटना जमीनी रंजिश का परिणाम है। इस संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *