मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे. रामकथा पार्क के पास स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद राम जन्मभूमि पहुंचकर रामलला के दर्शन किए. मुख्यमंत्री का अयोध्या दौरा संतों को श्रद्धांजलि देने और महंत रामचंद्रदास परमहंस की 23वीं पुण्यतिथि के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए है।
हनुमानगढ़ी परिसर में मुख्यमंत्री ने राजूदास के आश्रम पहुंचकर उनके साकेतवासी गुरु महंत संतरामदास को श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद उन्होंने राम मंदिर परिसर में रामलला का दर्शन-पूजन किया।
योगी आदित्यनाथ रविदास मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने साकेतवासी महंत बनवारीपति दिवाकर को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री दिगंबर अखाड़ा में आयोजित उस कार्यक्रम में शामिल होंगे, जो राम मंदिर आंदोलन से जुड़े प्रमुख संत महंत रामचंद्रदास परमहंस की 23वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
इसके साथ ही वह सरयू तट पर संत तुलसीदास घाट के पास स्थित महंत रामचंद्रदास परमहंस की समाधि पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।




