Screenshot_2026-08-14-16-09-54-25
previous arrow
next arrow
टैंकर से पेट्रोल चोरी कर एथेनॉल मिलाने वाला गिरोह बेनकाब, चार गिरफ्तार - Hind Abhiman Times, Newspaper
Sun. Aug 16th, 2026

टैंकर से पेट्रोल चोरी कर एथेनॉल मिलाने वाला गिरोह बेनकाब, चार गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी में पेट्रोल-डीजल में मिलावट करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच, आपूर्ति विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में मलिहाबाद क्षेत्र के संन्यासी बाग में चल रहे अवैध कारोबार का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में पेट्रोल, डीजल, सॉल्वेंट, एथेनॉल तथा मिलावट में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पेट्रोल-डीजल में मिलावट की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष अभियान चलाकर जांच शुरू की गई थी। गोपनीय सूचना के आधार पर रविवार को संन्यासी बाग स्थित एक परिसर में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान वहां एक पेट्रोल टैंकर और अन्य वाहन खड़े मिले।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अमौसी टर्मिनल से निकला टैंकर अपने निर्धारित गंतव्य की ओर जाने के बजाय रास्ते में रोक लिया गया था। आरोप है कि टैंकर से पेट्रोल निकालकर उसकी जगह एथेनॉल और अन्य रासायनिक पदार्थ मिलाए जा रहे थे, जिससे ईंधन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही थी।

संयुक्त टीम ने मौके से लगभग 7,750 लीटर पेट्रोल, 400 लीटर डीजल, 1,150 लीटर मिलावटी पेट्रोल, 3,200 लीटर सॉल्वेंट सहित बड़ी संख्या में प्लास्टिक कैन, मास्टर चाभी और अन्य उपकरण बरामद किए। टैंकर के पाइप और चैंबर से अतिरिक्त पेट्रोल भी मिला, जिससे मौके पर ईंधन निकालने की पुष्टि हुई। समीप स्थित भवन से बड़ी संख्या में गैलनों में रखा मिश्रित पेट्रोल, एथेनॉल और अन्य केमिकल भी जब्त किए गए।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह टैंकरों से पेट्रोल चोरी कर उसमें एथेनॉल व अन्य रसायन मिलाकर दोबारा भर देता था। इस मामले में पुलिस ने मलिहाबाद निवासी अनिल कुमार, काकोरी निवासी अभिषेक राजपूत, उन्नाव निवासी धीरज सिंह तथा टैंकर चालक रामतीर्थ को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *