Wed. Sep 30th, 2026

विदाई की बेला में नम हुईं आंखें, यादों में रहेंगे प्रदीप कुमार शर्मा

पंचायत इंटर कॉलेज परतावल में जिला विद्यालय निरीक्षक को दी गई भावभीनी विदाई, विद्यालय परिवार ने अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मानित

परतावल/महराजगंज। पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज परतावल का प्रांगण बुधवार को उस समय भावुक हो उठा, जब जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) प्रदीप कुमार शर्मा के सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में आयोजित विदाई समारोह में विद्यालय परिवार ने उन्हें सम्मान और आत्मीयता के साथ विदाई दी। लंबे सेवाकाल में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और शिक्षण संस्थानों को सकारात्मक दिशा देने में उनके योगदान को याद करते हुए विद्यालय परिवार ने उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह में विद्यालय परिवार की ओर से प्रदीप कुमार शर्मा को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान वातावरण में सम्मान के साथ-साथ विदाई की भावुकता भी साफ नजर आई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के संरक्षक धीरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि प्रदीप कुमार शर्मा का सेवाकाल अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और प्रशासनिक दक्षता के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना की।प्रधानाचार्य डॉ. दीनबन्धु शुक्ल ने उनके कार्यकाल के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक के रूप में उन्होंने नियमों के अनुपालन के साथ शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों की समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता दी। उनका प्रशासनिक कौशल, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण विद्यालय परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। विदाई की बेला में प्रदीप कुमार शर्मा भी भावुक नजर आए। उन्होंने पंचायत इंटर कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और विद्यालय परिवार के आत्मीय सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवाकाल के दौरान शिक्षकों एवं प्रबंध तंत्र से मिला स्नेह और सहयोग उनके जीवन की अमूल्य निधि है। उन्होंने विद्यालय के सभी शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।समारोह में विनोद कुमार सिंह, अवधेश कुमार, डॉ. अंशुमान त्रिपाठी, दीपांकर पाण्डेय, अजीत श्रीवास्तव, सौरभ पाठक, परमेंद्र वर्मा, दिग्विजय यादव, सुभाष चंद्र, धर्मेंद्र सिंह, जयहिन्द पाण्डेय, रमेश प्रसाद, अरुण सिंह, राजेश श्रीवास्तव, डॉ. विनय कुमार, खेल अध्यापक नवीआलम अंसारी, स्काउट अध्यापक अजय सैनी, दिनेश उपाध्याय, आलोक उपाध्याय सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सम्मान, स्नेह और यादों से भरे इस विदाई समारोह ने यह संदेश दिया कि पद और जिम्मेदारियां भले ही बदल जाएं, लेकिन अपने कार्य और व्यवहार से बनाई गई आत्मीयता लंबे समय तक लोगों के दिलों में बनी रहती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *