महराजगंज। पारिवारिक आयोजन में शामिल होकर घर लौट रहे दो लोगों की जिंदगी का सफर रास्ते में ही खत्म हो गया। कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इंदरपुर में मंगलवार देर रात क्रेन और कार की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में महराजगंज के भिटौली क्षेत्र निवासी एक प्रधानाचार्य और कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।जानकारी के अनुसार, भिटौली क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा गांव निवासी नित्यानंद मणि त्रिपाठी जोखन मणि त्रिपाठी इंटर कॉलेज, लक्ष्मीपुर देउरवा में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को वह अपने भाई की देवरिया स्थित ससुराल में आयोजित ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कार चालक उद्धव पांडेय के साथ गए थे।देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों कार से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान कप्तानगंज-परतावल मार्ग पर इंदरपुर स्थित दुर्गा मंदिर के समीप सामने से आ रही क्रेन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों उसमें बुरी तरह फंस गए।हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकलवाया। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं, प्रधानाचार्य के निधन की सूचना से शिक्षा जगत और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। एक पारिवारिक आयोजन से लौटते समय हुए इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

