Mon. Nov 2nd, 2026

प्रदेश स्तरीय उद्यमिता प्रतियोगिता में महामाया आईटीआई पॉलिटेक्निक महराजगंज की टीम प्रथम

महराजगंज। महामाया आईटीआई पॉलिटेक्निक, महराजगंज के विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तरीय उद्यमिता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। अविष्कार फाउंडेशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में संस्थान के विद्यार्थियों ने अपने अभिनव बिजनेस मॉडल ‘eMediCare+’ के दम पर प्रदेश के 25 जनपदों से आई टीमों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।विद्यार्थियों की इस सफलता पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को कैंप कार्यालय में टीम के सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से eMediCare+ बिजनेस मॉडल की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरा जनपद गौरवान्वित है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस बिजनेस मॉडल को धरातल पर उतारने में जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।बताया गया कि सितंबर 2026 में अविष्कार फाउंडेशन के तत्वावधान में संस्थान स्तर पर आयोजित उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कई अभिनव बिजनेस मॉडल प्रस्तुत किए थे।

इसके बाद 25 सितंबर को आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में महामाया आईटीआई पॉलिटेक्निक की टीम के eMediCare+ मॉडल का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।टीम में अनुज कुमार गुप्ता, आर्यन मद्धेशिया, नमन सिंह, नीरज कुमार और रिया गुप्ता शामिल रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडल के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उपयोगी समाधान प्रस्तुत किया।इसके बाद लखनऊ के होटल क्लार्क्स अवध में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम ‘अधिक उद्यमिता से सामाजिक समानता’ में प्रदेश के 25 जनपदों की चयनित टीमों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच महराजगंज की टीम ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को दो लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।इस उपलब्धि में कंप्यूटर साइंस के प्रवक्ता मनीष कुमार वर्मा का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। वहीं संस्थान की प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट टीम ने विद्यार्थियों की सहभागिता, कार्यक्रम के समन्वय और बिजनेस मॉडल को विकसित करने में अहम भूमिका निभाई।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *