उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खावा पोखर में रविवार तड़के पूर्व प्रधान मोहम्मद रोशन (80) और उनकी पत्नी वसीला (60) मृत अवस्था में पाए गए। दंपति के शव पर नाक और आंख से खून बहने के निशान मिले हैं, जिससे उनकी हत्या की आशंका गहरा गई है।
सूचना पाकर पुलिस एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक दंपति अपने पुश्तैनी घर में अकेले रह रहे थे।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब बड़े बेटे गुड्डू ने सुबह नमाज के लिए घर से बाहर निकलते वक्त अपनी मां का रक्तरंजित शव झाड़ियों में देखा। अंदर जाकर उसने अपने पिता को भी मृत पाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना के कारणों से पर्दा उठने की उम्मीद जताई जा रही है।

