फाजिलनगर। एनएचएआई द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण के दौरान समतलीकरण ठीक से न होने के कारण मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फाजिलनगर कस्बे के बघौचघाट मोड़ पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते एनएच-28 की सड़क ऊंची-नीची हो गई है, जिससे अक्सर तेज गति से आने वाले ओवरलोड वाहनों का संतुलन बिगड़ता है।
बताया गया कि मंगलवार सुबह एक ट्रक असंतुलित होकर सड़क के किनारे पलट गया। इसके पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक का चालक समय रहते बचाव नहीं कर पाया और पलटे हुए ट्रक से टकरा गया। दोनों ट्रकों के चालक और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचाई, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं।
इस हादसे के कारण करीब दो घंटे तक हाईवे का एक लेन बंद रहा। हालांकि रूट डायवर्ट कर अन्य लेन से आवागमन जारी रखा गया, जिससे लंबा जाम नहीं लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों ट्रकों को किनारे कर लेन को खोल दिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएचएआई की निर्माण एजेंसी समतलीकरण और मार्ग सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। सड़क पर पड़े गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ सतह रोजाना हादसों को न्योता दे रही है। लोगों ने मांग की है कि खराब सड़क वाले हिस्सों में डाइवर्जन और सुरक्षा इंतजाम तत्काल किए जाएँ।

