महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बुद्धिरामपुर गांव में एक 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में सनसनी फैल गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।मृतका की पहचान बुद्धिरामपुर निवासी शमशेर की पत्नी मरियम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई थी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मरियम के पिता आलमगीर सियरहिभार गांव के निवासी हैं।परिजनों ने मृतका के पति के चाचा पर आरोप लगाए हैं। बताया जाता है कि मरियम ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था। उसके दो छोटे बेटे हैं। पांच वर्षीय हसनैन और तीन वर्षीय अब्दुर्रहमान के सिर से मां का साया उठ गया है। मां की मौत के बाद दोनों मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है।इस संबंध में थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मौत की वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

