महराजगंज। जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल स्थित एक निजी क्लिनिक में बुधवार शाम एक 11 माह की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।मृत बच्ची की पहचान अनन्या के रूप में हुई है, जो मधुबन थाना क्षेत्र, मऊ के परासी नरहल गांव निवासी प्रदीप की पुत्री थी।
बताया गया कि बच्ची के पिता एक निजी संस्था ‘स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस’ में कार्यरत हैं।परिजनों के अनुसार, बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे बुधवार सुबह करीब 11 बजे क्लिनिक लाया गया था, जहां डॉ. संजय कुमार सिंह पहले से उसका इलाज कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उपचार के दौरान अचानक बच्ची की हालत गंभीर हो गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

सूचना मिलने पर अभिषेक सिंह (थाना प्रभारी, श्यामदेउरवा) और अमित सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

