महराजगंज। जनपद में पीपीपी मॉडल पर संचालित केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ने आम लोगों को बड़ी राहत देते हुए अब सरकारी दरों पर इलाज और ऑपरेशन की सुविधा शुरू कर दी है। इस विशेष योजना का शुभारंभ 2 अप्रैल को संस्थान के चेयरमैन विनय कुमार श्रीवास्तव ने किया।
इस योजना के अंतर्गत मरीजों को बेहद कम लागत पर विभिन्न प्रकार की सर्जरी और उपचार उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उपयोग में आने वाली सभी आवश्यक दवाएं निःशुल्क दी जा रही हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
5 अप्रैल को आयोजित प्रेस वार्ता में चेयरमैन श्रीवास्तव ने बताया कि यह योजना खासतौर पर उन लोगों के लिए शुरू की गई है जिनके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है या जो आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पाते। उन्होंने कहा कि योजना को शुरू हुए अभी कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन इसका सकारात्मक प्रभाव साफ दिखाई देने लगा है। बड़ी संख्या में मरीज पंजीकरण कराकर इसका लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने मीडिया से अपील की कि इस जनहितकारी योजना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। इस योजना के तहत जनरल सर्जरी, हड्डी रोग (ऑर्थोपेडिक), ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, मूत्र रोग और जनरल मेडिसिन जैसे विभिन्न विभागों में उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
शांति फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि ऑपरेशन और भर्ती के दौरान मरीजों को दी जाने वाली दवाएं पूरी तरह मुफ्त हों। सभी प्रकार की सर्जरी का खर्च मात्र 1000 रुपये से शुरू होकर अधिकतम 8000 रुपये तक निर्धारित किया गया है।
चेयरमैन ने अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को निर्देशित किया है कि वे मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने आम जनता से अपील की कि पथरी, घुटना व कूल्हा प्रत्यारोपण, कान के ऑपरेशन और प्रसव जैसी समस्याओं के लिए इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
योजना के शुभारंभ के अवसर पर 35 मरीजों को मुफ्त दवा किट वितरित की गई थी, और अब तक 100 से अधिक मरीज सफलतापूर्वक ऑपरेशन करवा चुके हैं।

