Sun. Nov 1st, 2026

परतावल में सड़क किनारे महिला के पास मिला नवजात का शव, इलाके में मचा हड़कंप

परतावल, महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के महदेवा चौराहे पर रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे अर्धनग्न अवस्था में पड़ी एक महिला के पास नवजात शिशु का शव मिला। बताया जा रहा है कि महिला पिछले करीब आठ महीने से चौराहे के आसपास खुले आसमान के नीचे रह रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उनकी नजर महिला की हालत पर पड़ी। महिला के पास नवजात का शव देखकर उन्होंने तत्काल श्यामदेउरवा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय महिलाओं तथा आशा कार्यकर्ता बिंद्रावती की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया।

घटना के बाद चौराहे पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। इस संबंध में थाना प्रभारी महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *