महराजगंज। धनतेरस और दीपावली का पर्व नजदीक आते ही शहर के मोबाइल बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। त्योहार पर नए स्मार्टफोन खरीदने को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मोबाइल की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही शुरू हो जा रही है। खासकर युवा नए मॉडल और आधुनिक फीचर्स वाले स्मार्टफोन को लेकर काफी उत्साहित हैं।
बाजार में विभिन्न कंपनियों के नए स्मार्टफोन ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं। खरीदारी करने पहुंच रहे लोग मोबाइल का कैमरा, बैटरी बैकअप, रैम, स्टोरेज और प्रोसेसर जैसी खूबियों की जानकारी ले रहे हैं। युवाओं में बेहतर कैमरा और अधिक स्टोरेज वाले मोबाइल की मांग अधिक है, जबकि सामान्य उपयोग करने वाले ग्राहक कम कीमत और अच्छी सुविधाओं वाले स्मार्टफोन पसंद कर रहे हैं।
इन दिनों बाजार में आठ हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक की कीमत के स्मार्टफोन उपलब्ध हैं। हनुमानगढ़ी चौराहे के मोबाइल कारोबारी आकाश कश्यप और सुरेश कुमार ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को देखते हुए दुकानों में विभिन्न कंपनियों के नए मॉडल उपलब्ध कराए गए हैं। आठ से 15 हजार रुपये और 15 से 50 हजार रुपये तक की अलग-अलग रेंज में मोबाइल रखे गए हैं, ताकि ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी कर सकें।
कारोबारियों ने बताया कि त्योहार को देखते हुए ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही आसान किस्तों पर मोबाइल खरीदने के लिए फाइनेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्हें उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली के दौरान मोबाइल की बिक्री में और तेजी आएगी।

