महराजगंज। किसानों के बीच पहुंचकर खेती-किसानी की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी ने बुधवार को स्वयं हंसिया थामकर खेत में धान की कटाई की। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर फसल की स्थिति, उत्पादन और बिक्री से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।धान की कटाई के बाद कराए गए आकलन में 48.55 कुंतल प्रति हेक्टेयर उत्पादकता सामने आई।
जिलाधिकारी ने किसानों से कहा कि धान की उपज को सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें, ताकि उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और धान खरीद की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जाए। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप धान तैयार कर सरकारी क्रय केंद्रों पर पहुंचाएं और सरकारी खरीद व्यवस्था का लाभ उठाएं।इस दौरान कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के खेत में उतरकर किसानों के साथ धान की कटाई करने से किसानों में भी उत्साह देखने को मिला।

