previous arrow
next arrow
महराजगंज में धूमधाम से मनाया जा रहा छठ महापर्व, परतावल से नौतनवा तक घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब - Hind Abhiman Times, Newspaper

महराजगंज में धूमधाम से मनाया जा रहा छठ महापर्व, परतावल से नौतनवा तक घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

महराजगंज। लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को महराजगंज जिले में श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जिले के शहरी क्षेत्रों से लेकर गांवों तक छठ पूजा की धूम है। व्रती महिलाएं और पुरुष पूरे विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना में लीन हैं। रविवार की शाम विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

जिला मुख्यालय के बलिया नाला, अमरुतिया, मऊपाकड़, उद्योग चौराहा सहित नगर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं परतावल, छातिराम, श्यामदेउरवां, पनियरा, घुघली, चौक बाजार, निचलौल, सिसवा, ठूठीबारी, फरेंदा, बृजमनगंज, नौतनवा, सोनौली, लक्ष्मीपुर और धानी सहित जिले के विभिन्न कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ महापर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।

परतावल और छातिराम क्षेत्र में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों, पोखरों और जलाशयों के किनारे छठ पूजा की तैयारियां की गईं। परिवार के सदस्य सिर पर दउरा और हाथों में पूजा का सूप लेकर घाटों की ओर जाते नजर आए। गांवों में छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।नौतनवा, सोनौली और लक्ष्मीपुर क्षेत्र में रोहिन नदी के तट पर, निचलौल क्षेत्र में गंडक नदी के किनारे तथा फरेंदा के दुर्गा मंदिर सरोवर, हड़हवा और लेहड़ा पौह नाला सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

घुघली क्षेत्र के बैकुंठी सहित अन्य जलाशयों पर भी पर्व को लेकर उत्साह रहा।छठ महापर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। फल, नारियल, गन्ना, सूप, दउरा, केला और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ सहित विभिन्न पकवान तैयार किए। घाटों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई एवं सुरक्षा के इंतजाम किए गए।प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। घाटों पर बैरिकेडिंग, महिला पुलिसकर्मियों, गोताखोरों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए हैं। महराजगंज नगर में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा। चार दिवसीय यह महापर्व आस्था, पवित्रता, संयम और सामाजिक एकता का प्रतीक है। छठ पूजा ने एक बार फिर महराजगंज जिले में लोक संस्कृति और पारंपरिक सौहार्द की सुंदर झलक प्रस्तुत की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *