Thu. Feb 12th, 2026

उत्तर प्रदेश में ठंडी पछुआ हवाओं के असर से रात का तापमान गिरा, शीतलहर की चेतावनी

लखनऊ/मौसम डेस्क। उत्तर प्रदेश में पहाड़ों से आ रही ठंडी पछुआ हवाओं के असर से कई जिलों में रात का तापमान सामान्य से काफी नीचे गिर गया है। सोमवार को इटावा, कानपुर और बाराबंकी में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इटावा में रात का तापमान 8.9 डिग्री, कानपुर में 9.2 डिग्री और बाराबंकी में 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा कई जिलों में रात का पारा सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले तीन दिनों तक कई जिलों में रात के समय शीतलहर जैसी स्थितियां रह सकती हैं। लोगों को तड़के सुबह, शाम और देर रात में ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी हिमालय में हुई बर्फबारी और पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में रात के पारे में और गिरावट हो सकती है।

राजधानी लखनऊ में सोमवार की सुबह हल्के कोहरे के साथ शुरू हुई। दोपहर में धूप के कारण तापमान में हल्की बढ़त महसूस हुई, लेकिन देर शाम से रात भर और सुबह तक चल रही पछुआ हवाओं के कारण ठंड में तेज़ी आई। सोमवार को दिन का तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि रात का तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार की सुबह कोहरे के साथ ठंड बढ़ने का अनुमान जताया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *