पिपरा खादर में वीर जवान दीपक निषाद को अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब, जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

0-0x0-0-0#

महराजगंज। देश की सेवा में समर्पित महराजगंज के लाल हवलदार दीपक निषाद की असामयिक मौत से पूरा जनपद शोक में डूबा हुआ है। मंगलवार को जैसे ही उनका पार्थिव शरीर परतावल ब्लॉक के पिपरा खादर स्थित पैतृक गांव पहुंचा, पूरा गांव गमगीन हो गया। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और क्षेत्रवासियों का हुजूम उमड़ पड़ा।

हर आंख नम थी और हर जुबां पर अपने वीर जवान के प्रति सम्मान के शब्द थे।पंजाब के बठिंडा में ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद हवलदार दीपक निषाद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव सहित पूरे महराजगंज में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक हो उठा।

विधायक एवं ब्लॉक प्रमुख

अपने प्रियजन को तिरंगे में लिपटा देखकर परिवार का दुख देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं। वीर जवान के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक-राजनीतिक हस्तियां भी गांव पहुंचीं। पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, परतावल ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, हिंदू युवा वाहिनी के नेता काशीनाथ सिंह तथा समाजवादी पार्टी की नेत्री सुमन ओझा सहित तमाम जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने पहुंचकर दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

रोते विलखते परिजन

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गांव का माहौल और भी भावुक हो गया। सभी ने एक स्वर में कहा कि देश की सेवा में समर्पित जवान का इस तरह असमय चले जाना बेहद दुखद है। उनका त्याग, समर्पण और देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी।हवलदार दीपक निषाद अपने पीछे पत्नी रेनू, दो बेटे आशीष और वैभव तथा दो वर्षीय बेटी दीपा को छोड़ गए हैं। तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। जिस पिता की उंगली पकड़कर बच्चों को जिंदगी की राह पर आगे बढ़ना था, आज उसी पिता को अंतिम विदाई देनी पड़ रही है।यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

शहीद दीपक निषाद का पार्थिव शरीर ले जाते परिजन व सेना के जवान

गांव के लोगों के बीच एक ही चर्चा रही कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। देश की रक्षा का संकल्प लेकर घर से निकला एक जवान अब तिरंगे में लिपटकर लौटा है। पीछे छोड़ गया है अपने परिवार की अनगिनत यादें, बच्चों का अधूरा बचपन और पूरे गांव की आंखों में आंसू। पिपरा खादर की मिट्टी अपने इस लाल को हमेशा याद रखेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *