Thu. Oct 15th, 2026

मिशन शक्ति 6.0: कक्षा 12 की छात्रा प्रिया द्विवेदी बनीं एक दिन की जिलाधिकारी, की जनसुनवाई

महराजगंज। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत बेटियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से महिला कल्याण विभाग की पहल पर भिटौली निवासी कक्षा 12 की छात्रा प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर आयोजित इस पहल के दौरान प्रिया ने जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर जनसुनवाई की और विभिन्न शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में प्रिया द्विवेदी ने करीब 10 से 12 मामलों की सुनवाई की। परसा गिदही निवासी कुसुमवती के अंश निर्धारण संबंधी मामले में उन्होंने हल्का लेखपाल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत नेता सुरहुरवा में साफ-सफाई की शिकायत पर जिला पंचायतराज अधिकारी को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, सिसवा नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार निचलौल को प्रभावी कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने छात्रा को प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने शिकायतों को सुनने, तथ्यों की जांच करने, संबंधित विभागों को प्रकरण भेजने और उनके निस्तारण की प्रक्रिया समझाई। साथ ही जिलास्तरीय अधिकारियों के अधिकारों, दायित्वों और प्रशासनिक निर्णय लेने के तरीकों से भी परिचित कराया।जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत शारदीय नवरात्रि के दौरान महिला सशक्तिकरण को लेकर प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इसका उद्देश्य बेटियों को प्रशासनिक कार्यों से परिचित कराना और उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।उन्होंने बताया कि प्रिया कक्षा 12 में जीव विज्ञान की छात्रा हैं और भविष्य में नीट की तैयारी करना चाहती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रिया मेहनत और लगन से सफलता हासिल कर परिवार तथा जनपद का नाम रोशन करेंगी।जनसुनवाई के बाद प्रिया द्विवेदी ने कहा कि एक दिन का जिलाधिकारी बनकर उन्हें प्रशासनिक कार्यों को करीब से समझने का अवसर मिला। जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठना उनके लिए गर्व का अनुभव रहा। उन्होंने इस पहल के लिए जिलाधिकारी और महिला कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया।जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत बेटियों का मनोबल बढ़ाने, उनमें आत्मविश्वास विकसित करने और प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *