परतावल, महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने और चिकित्सकीय व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुरेन्द्र चौधरी ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जांच की और मरीजों को समय से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएमओ ने अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी भी ली। बाहर की दवाएं लिखने पर होगी कार्रवाईनिरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि अस्पताल में उपलब्ध दवाएं मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर दी जाएं। सरकारी अस्पताल में दवाएं उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए लिखने की शिकायत मिलने पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को अनावश्यक खर्च से बचाना और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। डॉक्टरों और कर्मचारियों को समय से पहुंचने के निर्देशसीएमओ ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और प्रत्येक मरीज को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

