ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब महेश और उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों की मौत की खबर सामने आई। एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर घर के अंदर महेश और एक बच्चे के शव चारपाई पर मिले, जबकि पत्नी और दो अन्य बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। बताया गया कि एक छोटा बच्चा अपनी मां से चिपका हुआ था। घटनास्थल का दृश्य देखकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पांच लोगों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महेश शुक्रवार को अपने परिवार के साथ मेला देखने गया था। घर लौटने के बाद परिवार ने मैगी खाई और चाय भी पी थी।
फूड पॉइजनिंग, हत्या या आत्महत्या? जांच के घेरे में कई पहलू
एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस भोजन से जुड़ी आशंका समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या और आत्महत्या की आशंका को भी जांच के दौरान ध्यान में रखा जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना को लेकर गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

