Fri. Dec 12th, 2025

चार युवकों की संदिग्ध मौत: फैक्ट्री के कमरे में जली मिली अंगीठी, दम घुटने की आशंका

तवक्कलपुर/कानपुर। कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल क्षेत्र स्थित आयल सीड्स फैक्ट्री में काम कर रहे चार मजदूरों की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सभी मृतक तवक्कलपुर गांव के रहने वाले थे और वेल्डर के रूप में कार्यरत थे।मृतकों की पहचान अमित कुमार बरनवाल (24) पुत्र अयोध्या, संजू सिंह (24) पुत्र फतेह बहादुर, दाऊद अंसारी (25) पुत्र यासीन और राहुल सिंह (23) पुत्र लल्लन सिंह के रूप में हुई है। इनके साथ अमित का भाई अरुण और नागेंद्र भी फैक्ट्री में कार्यरत थे, जो घटना के वक्त बगल के कमरे में सो रहे थे।बताया जाता है कि बुधवार की रात सभी ने खाना खाने के बाद फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में सोया था। सुबह देर तक कमरे से कोई आहट न आने पर नागेंद्र ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो चारों युवक मृत अवस्था में पाए गए। कमरे के अंदर कोयले की अंगीठी जलती हुई मिली, जिससे धुआं भरने और दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

परिवारों में कोहराम, गांव में पसरा सन्नाटाहादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। मृतकों में राहुल अपने परिवार का इकलौता बेटा था, जबकि दाऊद की एक साल की बच्ची है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। कुछ ही दिनों बाद दाऊद की बहन की शादी होनी थी।अमित बृहस्पतिवार को विदेश (जिम्बाब्वे) जाने की तैयारी में था, जबकि अन्य युवक भी शुक्रवार तक घर लौटने वाले थे। खुशी और उम्मीदों से भरी ज़िंदगी पल भर में मातम में बदल गई।घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान रणजीत सिंह सहित कई लोग परिजनों के साथ कानपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *