लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शंखनाद के बीच उनके नाम की औपचारिक घोषणा की।निर्वाचन की घोषणा होते ही निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बगल की कुर्सी से उठे और पंकज चौधरी को पार्टी का झंडा सौंपा। इसके बाद पंकज चौधरी भूपेंद्र चौधरी की कुर्सी पर आसीन हुए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चरण स्पर्श किए। इस अवसर पर मंच पर भाजपा के सात पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहे।प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी ने अपना पहला संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि वह रूल करने में नहीं, बल्कि रोल निभाने में विश्वास करते हैं। उनके लिए कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं और वे कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके काम करने के चार मूल मंत्र संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय हैं।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि वह गलत के सामने कभी हार नहीं मानते और इसी जिद की वजह से राजनीति में आए हैं। उन्होंने कहा कि अब उनके सामने और भी बड़ी चुनौती है। राजनीति में कार्यालय, कोष, कार्यक्रम और कार्यकर्ता सबसे अहम होते हैं और इनमें कार्यकर्ता उनके लिए सबसे ऊपर हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे कार्यकर्ताओं के लिए लड़ेंगे, उनकी बात सुनेंगे और समस्याओं का समाधान भी निकालेंगे।इस मौके पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की और उनके मुख्यमंत्री बनने से जुड़ा एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने योगी आदित्यनाथ को फोन कर दिल्ली बुलाया था और उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाए जाने की जानकारी दी थी। पीयूष गोयल ने कहा कि वह फोन उनके ही आवास से किया गया था।
यूपी भाजपा को मिला नया नेतृत्व, पंकज चौधरी निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए

