नेबुआ नौरंगिया। नेबुआ नौरंगिया के खड्डा विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा बरवारतनपुर के 22 वर्षीय युवक उत्कर्ष राव उर्फ़ अमन की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। वे बीते सोमवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को उत्कर्ष राव अपने दो साथियों के साथ दवा लेने के लिए बाइक से पडरौना जा रहे थे। इस दौरान सौरहा बुजुर्ग के पास नहर के समीप सामने से आ रही राइडर मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर मारने वाला बाइक चालक कथित रूप से नशे में था और अनियंत्रित गति से वाहन चला रहा था।
हादसे में उत्कर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया था, साथ ही पेट में भी गहरी चोटें आई थीं। घटना के बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार शाम बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
उत्कर्ष की मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन बदहवास हैं। गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। इकलौते बेटे के असमय निधन से पिता रमेश राव गहरे सदमे में हैं।

