खुशहालनगर। घुघली–कप्तानगंज मार्ग पर स्थित चैनपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रक का ढाला बंद कर रहे एक युवा मजदूर को पीछे से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के घुघली के पौहरिया कोइरी टोला निवासी मुकेश साहनी (30) चैनपुर में ट्रक से सीमेंट उतारकर ढाला बंद कर रहे थे। तभी घुघली की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घुघली पहुंचाया।
डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल से भी उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजने की सलाह दी गई। परिजन मेडिकल कॉलेज ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि इसी बीच अस्पताल परिसर में ही मुकेश ने दम तोड़ दिया।
घुघली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी अशोक कुमार गिरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

