निचलौल। निचलौल शहर के यादव चौराहा स्थित एक क्लीनिक में गर्भपात कराने पहुंची युवती की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद क्लीनिक संचालक और पूरा स्टाफ ताला बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी डॉक्टर और क्लीनिक कर्मियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के एक गांव की 21 वर्षीय युवती का प्रेम प्रसंग खेसरारी भरपटिया गांव के एक युवक से चल रहा था। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। सात माह की गर्भावस्था होने पर दोनों को बदनामी का डर सताने लगा। परिजनों को जानकारी न हो, इसलिए दोनों ने रविवार को निचलौल के यादव चौराहा स्थित एक क्लीनिक में गर्भपात कराने का निर्णय लिया। क्लीनिक कर्मियों के झांसे में आकर युवती भर्ती भी हो गई।
गर्भपात की प्रक्रिया के दौरान युवती की हालत अचानक बिगड़ने लगी। तब क्लीनिक संचालक और कर्मचारी न सिर्फ मौके से फरार हो गए, बल्कि क्लीनिक का ताला भी बंद कर दिया। गंभीर हालत में लोगों की मदद से युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जबकि क्लीनिक संचालक और स्टाफ की तलाश की जा रही है।
सात माह की गर्भवती थी युवती
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार प्रेमी ने बताया कि उसकी प्रेमिका सात महीने की गर्भवती थी। गर्भ बढ़ जाने के कारण मामला छिपाना मुश्किल हो गया था। कम पैसे में सुरक्षित गर्भपात कराने का भरोसा देकर क्लीनिक कर्मियों ने उन्हें भर्ती किया था।

