Tue. Apr 7th, 2026

गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्र और परीक्षा नियंत्रक के बीच विवाद, वीडियो वायरल

दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सोमवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एलएलबी के एक छात्र और परीक्षा नियंत्रक के बीच तीखी बहस हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे विधि विभाग का छात्र चंदन यादव परीक्षा नियंत्रक डॉ. कुलदीप सिंह के कार्यालय पहुंचा। वह राहुल कुमार समेत कुछ अन्य छात्रों के परीक्षा फॉर्म बिना विलंब शुल्क के भरवाने की मांग कर रहा था।

परीक्षा नियंत्रक का आरोप है कि छात्र नियमों के विरुद्ध कार्य कराने पर अड़ा हुआ था। मना करने पर उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कार्यालय में हंगामा शुरू कर दिया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारी भी असहज हो गए।

वायरल वीडियो में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक साफ सुनी जा सकती है। वीडियो के अनुसार, परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि समाप्त हो चुकी थी, जिसके चलते परीक्षा नियंत्रक ने आवेदन स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद छात्र ने नाराज होकर उन्हें पद छोड़ने तक की बात कह दी, जिससे विवाद और बढ़ गया।

बहस के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखे शब्दों का आदान-प्रदान हुआ, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

शिकायत दर्ज, जांच शुरू

घटना के बाद परीक्षा नियंत्रक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं संस्थान के अनुशासन और गरिमा के खिलाफ हैं तथा इससे कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बनता है।

वहीं, प्रॉक्टर डॉ. टीएन मिश्रा ने बताया कि मामले की शिकायत कैंट थाने में दर्ज कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी छात्र द्वारा इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *