Fri. Jul 3rd, 2026

नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट अलीजा परवीन अंसारी का परतावल में भव्य अभिनंदन

परतावल (महराजगंज)। गोवा में आयोजित राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतने तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर नगर पंचायत परतावल की प्रतिभाशाली बेटी अलीजा परवीन अंसारी का शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय में भव्य अभिनंदन किया गया।समारोह में पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व सभासद सतीश मद्धेशिया ने अलीजा को अंगवस्त्र ओढ़ाकर, स्मृति चिह्न एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट और “भारत माता की जय” के नारों के साथ उसकी ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया।अपने संबोधन में काशीनाथ सिंह ने कहा कि अलीजा की सफलता पूरे महराजगंज जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर अलीजा ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं भी देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी भारत का नाम रोशन करेगी।सतीश मद्धेशिया ने कहा कि अलीजा आज क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि समाज और स्थानीय संस्थाओं का दायित्व है कि वे ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान करें, ताकि अन्य बच्चों को भी अपने सपनों को साकार करने का उत्साह मिले।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय लोगों ने अलीजा परवीन अंसारी तथा उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन और देश के लिए नई उपलब्धियां हासिल करने की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *