Thu. Jul 16th, 2026

महराजगंज में बढ़ती आत्महत्याएं बनीं गंभीर चिंता, एक सप्ताह में कई घटनाओं ने झकझोरा जनपद

रिपोर्ट:- राजन पटेल, महराजगंज। जनपद में पिछले कुछ दिनों के दौरान आत्महत्या और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। छात्र, किशोरी, नवविवाहिता और युवाओं से जुड़े मामलों ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं कि लोग जीवन समाप्त करने जैसा कठोर कदम उठा रहे हैं। हाल ही में परतावल क्षेत्र के एक 15 वर्षीय छात्र ने सुल्तानपुर स्थित आवासीय गुरुकुल के छात्रावास में फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं भिटौली थाना क्षेत्र में एक किशोरी का शव घर में फंदे से लटका मिला। इसके अलावा जिले में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला भी सामने आया है, जिसमें पुलिस जांच कर रही है। इससे पहले भी जिले में युवाओं और विवाहित महिलाओं की आत्महत्या अथवा संदिग्ध मौत की घटनाएं सामने आती रही हैं।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने अभिभावकों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों की चिंता बढ़ा दी है। प्रारंभिक जांच में कई मामलों में पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव, सामाजिक दबाव और अन्य व्यक्तिगत कारण सामने आते हैं, लेकिन प्रत्येक मामले की परिस्थितियां अलग-अलग हैं। इसलिए किसी एक कारण को सभी घटनाओं के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। पुलिस प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसिक तनाव, अवसाद, पारिवारिक संवाद की कमी और समय पर उचित परामर्श न मिलना भी ऐसी घटनाओं के पीछे महत्वपूर्ण कारण हो सकते हैं। समाज के हर वर्ग को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। यदि परिवार, समाज, विद्यालय और प्रशासन मिलकर समय रहते संवेदनशील लोगों की पहचान कर उन्हें भावनात्मक सहयोग और काउंसलिंग उपलब्ध कराएं, तो ऐसी कई घटनाओं को रोका जा सकता है।

हिन्द अभिमान टाइम्स की अपील:- जीवन अनमोल है। किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी, पारिवारिक तनाव या निराशा की स्थिति में अकेले निर्णय लेने के बजाय अपने परिजनों, मित्रों या विशेषज्ञों से खुलकर बात करें। एक बातचीत किसी की जिंदगी बचा सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *